भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और 2002 गुजरात दंगों पर बनी BBC डॉक्यूमेंट्री लगातार विवादों के घेरे में है। केंद्र सरकार इसे दुष्प्रचार और प्रोपेगैंडा बता चुकी है। हाल ही में ब्रिटेन के PM ऋषि सुनक ने भी मोदी का बचाव करते हुए शॉर्ट फिल्म पर अपनी असहमति जताई थी। अब अमेरिका ने भी इस मामले में अपनी स्थिति साफ कर दी है।
अमेरिकी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता नेड प्राइस ने मीडिया ब्रीफिंग में एक पाकिस्तानी पत्रकार के सवाल का जवाब देते हुए कहा- आप जिस डॉक्यूमेंट्री का जिक्र कर रहे हैं, मुझे उसके बारे में जानकारी नहीं है। हालांकि मुझे उन साझा मूल्यों के बारे में जानकारी जरूर है, जो भारत और अमेरिका को दो संपन्न और जीवंत लोकतंत्र बनाते हैं।प्राइस ने इस बात पर जोर देते हुए आगे कहा- दोनों देशों के बीच करीबी राजनीतिक और आर्थिक संबंध है। अमेरिका और भारत के लोगों के बीच असाधारण रूप से गहरे रिश्ते हैं। दोनों देश उन सभी तत्वों को मजबूत करने के लिए तत्पर हैं, जो हमें एक साथ जोड़ते हैं।