अंटार्कटिका में बर्फ की चट्टान से ब्रिटेन के लंदन शहर के आकार जितना एक आइसबर्ग (हिमखंड) टूटकर अलग हो गया है। यह घटना अंटार्कटिका में स्थित ब्रिटेन के हैली रिसर्च स्टेशन के पास हुई है। नेशनल जियोग्राफिक की रिपोर्ट के मुताबिक, आइसबर्ग के टूटने की इस प्रोसेस को काविंग कहा जाता है।
रिपोर्ट के मुताबिक, विशाल आइसबर्ग का आकार 1,550 स्क्वायर किलोमीटर है। यह रविवार को 150 मीटर मोटी बर्फ की चट्टान से टूटकर अलग हो गया। हालांकि, यह घटना क्लाइमेट चेंज (जलवायु परिवर्तन) से जुड़ी नहीं है।
ब्रिटिश अंटार्कटिक सर्वे (BAS) की मानें तो वैज्ञानिकों को पहले से ही इस घटना की उम्मीद थी। दरअसल, काविंग की प्रोसेस एकदम नेचुरल है। जब बर्फ की चट्टानें इतनी मोटी हो जाती हैं, तब ऐसा होता है। BAS अंटार्कटिका में बर्फ की चट्टानों की स्थिति की निगरानी करता है।