छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने गणतंत्र दिवस के मौके पर कांग्रेस की ‘हाथ से हाथ जोड़ो’ यात्रा शुरू की है। बस्तर के संभागीय मुख्यालय जगदलपुर में मां दंतेश्वरी का आशीर्वाद लेकर उन्होंने CG में इस यात्रा का शंखनाद किया है। मां दंतेश्वरी मंदिर से सिटी कोतवाली चौक और फिर सर्किट हाउस तक करीब 1 किमी तक वे शहर में पैदल चले। उनके साथ सांसद दीपक बैज, विधायक रेखचंद जैन समेत सैकड़ों की संख्या में कार्यकर्ता भी मौजूद थे।
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि, राहुल गांधी ने महंगाई, बेरोजगारी और नफरत के खिलाफ भारत जोड़ो यात्रा शुरू की थी। उसी को आगे बढ़ाते हुए अब हाथ से हाथ जोड़े यात्रा शुरू की गई है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ के प्रत्येक गांव में प्रत्येक वार्ड में यह यात्रा पहुंचेगी। इस यात्रा के लिए रूपरेखा तैयार है। करीब 2 महीने तक यह यात्रा चलेगी। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि आज देश की जनता महंगाई से त्रस्त है, बेरोजगारी से त्रस्त हैं। इसके खिलाफ हमे जनजागरण करना है।