टी-20 सीरीज के पहले मुकाबले में टीम इंडिया को न्यूजीलैंड के खिलाफ 21 रनों की करारी हार झेलनी पड़ी। इसी के साथ भारतीय टीम 3 मैचों की द्विपक्षीय सीरीज में 0-1 से पिछड़ गई है।
इस हार के साथ रांची के मैदान पर भारत का अजेय रिकॉर्ड टूट गया है। इससे पहले, यहां टीम ने कोई भी टी-20 मुकाबला नहीं गंवाया था।
धोनी के शहर रांची में न्यूजीलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 176 रनों का स्कोर खड़ा किया। उसके बाद भारतीय बल्लेबाजों को 20 ओवर में 9 विकेट पर 155 पर रोक दिया।
कीवी टीम की जीत के हीरो डेरिल मिचेल और मिचेल सेंटनर रहे। मिचेल ने 30 गेंदों में 59 रन की पारी खेली। जबकि मिचेल सेंटनर ने चार ओवर में एक मेडन सहित 11 रन देकर दो विकेट चटकाए।
कप्तान हार्दिक पंड्या (21 रन) और सूर्यकुमार (47 रन) की साझेदारी के बाद वाशिंगटन सुंदर (50 रन) के नंबर-6 पर आए अर्धशतक ने भारत की हार का अंतर कम किया, लेकिन जीत नहीं दिला सके।
टॉस हारकर पहले बैटिंग करते हुए कीवी टीम ने 20 ओवर में 6 विकेट खोकर 176 रन बनाए। डेरिल मिचेल ने सबसे ज्यादा नाबाद 59 रन बनाए। ओपनर ड्वेन कॉन्वे ने 52 रन का योगदान दिया। फिन एलेन ने 35 रन की आतिशी पारी खेली।
भारत के लिए वाशिंगटन सुंदर ने सबसे ज्यादा दो विकेट लिए। शिवम मावी, अर्शदीप सिंह और कुलदीप यादव को एक-एक विकेट मिला।
टीम इंडिया प्लेइंग-11
भारत : शुभमन गिल, ईशान किशन, राहुल त्रिपाठी, सूर्यकुमार यादव, हार्दिक पंड्या (कप्तान), दीपक हुड्डा, वॉशिंगटन सुंदर, शिवम मावी, कुलदीप यादव, उमरान मलिक, अर्शदीप सिंह।
न्यूजीलैंड : फिन एलेन, ड्वेन कॉन्वे, मार्क चैपमैन, ग्लेन फिलिप्स, डेरिल मिचेल, माइकल ब्रेसवेल, मिचेल सेंटनर, जैकब डफी, ब्लेयर टिकनर, ईशा सोढ़ी, और लोकी फर्ग्युसन।