छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की अब नई सवारी होगी। नई पहचान होगी और सड़क पर जब काफीला गुजरेगा तो एक नए रुतबे के साथ। दरअसल मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के काफिले की सभी गाड़ियों को बदल दिया गया है।मस्कुलर लुक वाली SUV को मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के काफिले में शामिल किया गया है। तकरीबन 12 नई गाड़ियां खास तौर पर मुख्यमंत्री के लिए मंगवाई गई हैं । अब इन्हीं पर मुख्यमंत्री और उनकी सुरक्षा टीम सवार होगी। शुक्रवार को मुख्यमंत्री जब रायपुर से कांकेर रवाना होने के लिए पुलिस ग्राउंड स्थित हेलीपैड पहुंचे तो यह नई गाड़ियां नजर आई। शुक्रवार को मुख्यमंत्री भूपेश बघेल अपनी शादी की सालगिरह भी मना रहे हैं।मुख्यमंत्री के लिए खास तौर पर मंगवाई गई हर एक एसयूवी की कीमत 20 लाख से ज्यादा है। इनमें से कुछ को बुलेट प्रूफ सिस्टम से भी लैस किया गया है। मुख्यमंत्री की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इन गाड़ियों को पंजाब में खासतौर पर कस्टमाइज करवाया गया है । जिनमें नेविगेशन सिस्टम, अलर्ट सिस्टम और कम्युनिकेशन के इक्विपमेंट लगाए गए हैं। यह सभी गाड़ियां टोयोटा ब्रांड की है।