छत्तीसगढ़ में करीब दो माह पहले शुरू हुई देश की सबसे तेज चलने वाली वंदेभारत एक्सप्रेस ट्रेन पर छठवीं बार पथराव कर दिया गया। इस बार रायपुर और बिलासपुर रेल मंडल से लगी सीमा दाधापारा के पास पथराव किया गया है। पत्थरबाजी से कोच सी-9 के विंडो का शीशा टूट गया है। घटना के बाद आरपीएफ की टीम मामले की जांच में जुट गई है। इधर, लगातार हो रही घटना से ट्रेन में सफर करने वाले यात्री भी दहशत में है।
बिलासपुर से नागपुर के बीच चलने वाली हाईटेक ट्रेन वंदेभारत में पत्थरबाजी की घटना थमने का नाम नहीं ले रही है। बीते रविवार को दोपहर यह ट्रेन नागपुर से बिलासपुर के लिए रवाना हुई थी। देर शाम ट्रेन बिलासपुर स्टेशन से पहले दाधापारा स्टेशन से पार हुई थी। तभी करीब 7.15 बजे ट्रेन में जोरों की आवाज आई। इसके बाद यात्री घबरा गए। पता चला कि एसी कोच के सी-9 के 20 नंबर सीट के पास विंडो का शीशा टूट गया। पता चला कि ट्रेन में बदमाशों ने पथराव किया है, जिसके कारण कांच टूट गए।