फ्री में लगेंगे 56 लाख प्रीपेड मीटर:अगले महीने से जितना पैसा एकाउंट में होगा, उतनी बिजली चलेगी

फ्री में लगेंगे 56 लाख प्रीपेड मीटर:अगले महीने से जितना पैसा एकाउंट में होगा, उतनी बिजली चलेगी

घरों, दफ्तरों और कारखानों की बिजली अब रिचार्ज सिस्टम से चालू और बंद होगी। मीटर में बैलेंस खत्म होते ही बिजली बंद हो जाएगी और रिचार्ज कराते ही बिजली लौट आएगी। प्रदेश में स्मार्ट प्रीपेड मीटर लगाने के लिए बिजली कंपनी ने पिछले महीने टेंडर जारी किया था। पांच कंपनियों ने प्रदेश में प्रीपेड मीटर लगाने के लिए टेंडर भरा है। अब टेंडर खुल गया है। तकनीकी बिड खुलने के बाद जल्द ही फाइनेंशियल बिड खोलने की तैयारी है।

लोवेस्ट बिडर को वर्क आर्डर दिया जाएगा और उसके बाद प्रदेश में स्मार्ट प्रीपेड मीटर लगने शुरू हो जाएंगे। प्रदेश में एक साथ मीटर लगेंगे, लेकिन इसकी शुरुआत राजधानी से होगी। छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत कंपनी के प्रदेश में 56 लाख उपभोक्ता हैं। यहां लगे सभी मीटरों को स्मार्ट प्रीपेड मीटर में बदला जाएगा। इसका कोई चार्ज नहीं लगेगा। प्रीपेड मीटर लगते ही लोग घर बैठे मोबाइल की तरह अपने घर का बिजली मीटर रिचार्ज करा सकेंगे। वे जितनी बिजली जलाएंगे, उतना रिचार्ज करना पड़ेगा। लोगों भ्रम नहीं रहेगा कि उनका ज्यादा बिल आ रहा है।

अभी तक लोग पहले बिजली का उपयोग करते हैं और महीनेभर बाद बिजली का बिल आता है। बिजली कंपनी को पैसे मिलने में डेढ़ महीने का वक्त लग जाता है। कंपनी के नजरिए से यह एक दिक्कत है। बिजली कंपनी को हर महीने रीडिंग के लिए लोगों के घर एक कर्मचारी भेजना पड़ता है। इसमें समय और श्रम लगता है। बिल को लेकर लोगों की शिकायतें भी रहती हैं। इन दिक्कतों के साथ ही लोगों को घर बैठे सुविधाएं देने के लिए स्मार्ट मीटर का कांसेप्ट लाया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *