अमृत भारत स्टेशन योजना:49 स्टेशनों में दिखेगी स्थानीय कला एवं संस्कृति की झलक

अमृत भारत स्टेशन योजना:49 स्टेशनों में दिखेगी स्थानीय कला एवं संस्कृति की झलक

अमृत भारत स्टेशन योजना में दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे जोन के 49 स्टेशनों को शामिल किया गया है। इसमें तीनों मंडल के स्टेशन शामिल हैं। जिन स्टेशनों को इसमें शामिल किया गया है उन स्टेशनों तक पहुंच मार्ग को व्यवस्थित करने के साथ-साथ स्टेशन बिल्डिंग में प्रवेश करते ही स्थानीय कला एवं संस्कृति की झलक दिखाई देगी, स्टेशन का नाम रात के अंधेरे में एलईडी लाइट से रोशन होगा। सीसीटीपी कैमरों से परिसर लैस होने के साथ ही एलईडी लाइट से समूचा परिसर जगमग होगा।

रेल मंत्रालय ने स्टेशनों के आधुनिकीकरण के लिए “अमृत भारत स्टेशन” योजना नाम से एक नई नीति तैयार की है। अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत दीर्घकालिक दृष्टिकोण से लगातार स्टेशनों के विकास की परिकल्पना की गई है। यह योजना स्टेशन की आवश्यकताओं के अनुसार दीर्घकालिक मास्टर प्लान तैयार करने और मास्टर प्लान के तत्वों के कार्यान्वयन पर आधारित है। अमृत भारत स्टेशन योजना का उद्देश्य रेलवे स्टेशनों पर न्यूनतम आवश्यक सुविधाओं के इतर सुविधाओं को बढ़ाने के लिए मास्टर प्लान तैयार करना है।

इस मास्टर प्लान को लक्ष्य के साथ चरणबद्ध तरीके से लागू किया जाएगा। इस योजना में हितधारकों की आवश्यकताओं का भी ध्यान रखा गया है। स्टेशन पर नई सुविधाओं की शुरूआत के साथ ही पुरानी सुविधाओं को भी इस योजना के तहत अपग्रेड किया जायगा। अमृत भारत स्टेशन” योजना के तहत भारतीय रेलवे सभी महत्वपूर्ण पहलुओं को बेहतर बनाने की कोशिश करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *