अब देश में चलने वाली बुलेट सहित हाई स्पीड ट्रेनें बीएसपी में बनने वाली स्पेशल ग्रेड की हेड हार्डेंड रेल पटरी पर दौड़ेगी। स्पेशल ग्रेड की इस पटरी के उत्पादन ट्रायल को रेलवे के डेवलपमेंट एंड रिसर्च आर्गेनाइजेशन (आरडीएसओ) ने मंजूरी दे दी है। इसके बाद बीएसपी प्रबंधन ने नए वित्त वर्ष 2023-24 से इसके नियमित उत्पादन की तैयारी शुरू कर दी है। पहले वर्ष के लिए रेलवे ने 25 हजार टन हेड हार्डेंड रेल पटरी आपूर्ति का आॅर्डर दिया है।
बीएसपी की यूनिवर्सल रेल मिल (यूआरएम) में हेड हार्डेंड रेल पटरी का उत्पादन ट्रायल सितंबर-अक्टूबर 2021 में ही कर लिया था। इसके लिए जर्मन से एक्सपर्ट की टीम बीएसपी पहुंची हुई थी। उत्पादन ट्रायल सफल होने के बाद बीएसपी प्रबंधन ने एप्रूवल के लिए रेलवे आरडीएसओ को भेजा था। एप्रूवल मिलने में लंबा समय लगने से इसका नियमित उत्पादन शुरू नहीं किया जा सका था। रेलवे ने उत्पादन ट्रायल को अब जाकर मंजूरी दे दी है।
बीएसपी प्रबंधन यूआरएम में नियमित रेल पटरी का उत्पादन करने के साथ ही नए वित्त वर्ष 2023-24 से स्पेशल ग्रेड की हेड हार्डेंड रेल पटरी का भी उत्पादन करने की तैयारी शुरू कर दी है। हालांकि इसके पहले अप्रैल महीने में वह इस स्पेशल ग्रेड की 130 मीटर रेल पटरी को वेल्डिंग कर 520 मीटर लंबी रेल पटरी में तब्दील करने के लिए स्पेशल तकनीक से फ्लेश बट वेल्डिंग का भी ट्रायल किया जाएगा।