दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने शुक्रवार को दावा किया कि डिप्टी CM मनीष सिसोदिया को रविवार को CBI अरेस्ट कर लेगी। इसकी पुष्टि उनके सूत्रों ने की है। एबीपी नेटवर्क के आइडियाज ऑफ इंडिया शिखर सम्मेलन में उन्होंने यह बात कही। उन्होंने कहा कि CBI ने मनीष सिसोदिया को पूछताछ के लिए बुलाया है। हमारे सूत्र ने बताया कि रविवार को उनकी गिरफ्तारी होगी। यह बहुत दुखद है।
उन्होंने कहा कि CBI ने सिसोदिया के आवास पर छापा मारा और उनके बैंक लॉकरों की तलाशी ली, उनके कार्यालय पर छापा मारा, उनके गांव में संपत्तियों पर छापा मारा, लेकिन कुछ भी नहीं मिला।दिल्ली में शिक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए डिप्टी CM की सराहना करते हुए केजरीवाल ने कहा कि मनीष सिसोदिया वह व्यक्ति हैं, जिन्होंने आजादी के 75 साल बाद इस देश के गरीब लोगों को उम्मीद दी है कि उनके बच्चों का भी भविष्य अच्छा हो सकता है। दिल्ली में गरीबों के बच्चे डॉक्टर, इंजीनियर और वकील बन रहे हैं। केजरीवाल ने दावा किया कि ऐसे व्यक्ति को झूठे मामले में फंसाकर बदनाम करने की साजिश रची गई है।