जम्मू कश्मीर के राजौरी में शनिवार को सेना का एक वाहन गहरी खाई में गिर गया। इस हादसे में सेना के दो जवान शहीद हो गए है। हादसे में कुछ जवानों के घायल होने की बात भी सामने आई है। हादसे की सूचना मिलते ही रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया गया है। घायल हुए जवानों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया है। हादसा क्यों हुआ, अभी इसकी जानकारी सामने नहीं आई है। बताया जाता है कि चढ़ाई के दौरान अचानक अनियंत्रित होकर सेना का वाहन गहरी खाई में गिर गया। जिससे उसपर सवार दो जवानों की जान चली गई। हालांकि अभी हादसे में जान गंवाने वाले जवानों के नाम सार्वजनिक नहीं किए गए है। हादसे की जानकारी मिलते ही सेना, पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंच गए हैं। अभी रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। मालूम हो कि कुछ दिनों पहले ही पुंछ में सेना के वाहन पर हुए आतंकी हमले में राष्ट्रीय राइफल्स के पांच जवान शहीद हो गए थे।
