देश के अधिकांश राज्यों में मानसून पहुंच गया है। कई राज्यों में बारिश कुदरत का कहर बनकर बरस रही है। कहीं बेहिसाब बरसात ने जीवन की रफ्तार पर ब्रेक लगा दिया है तो कहीं दरकती हुई चट्टानों की वजह से रास्ता बंद हो गया है। भारी बारिश के कारण सड़कें दरिया बन गई हैं तो कई शहरों में सैलाब का मंज़र है। जगह-जगह लैंडस्लाइड की घटना सामने आ रही है। नदी-नालों का जलस्तर बढ़ गया है। हरियाणा के पंचकूला में बाढ़ की स्थिति उत्पन्न हो गई है। उत्तराखंड और मुंबई में भारी के कारण कई लोगों की मौत हो चुकी है। मौसम विभाग ने दिल्ली एनसीआर से लेकर जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, महाराष्ट्र में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। भारी बारिश और अचानक बाढ़ के खतरे को देखते हुए जम्मू कश्मीर के रामबन जिले में माध्यमिक स्तर (कक्षा 10) तक के सभी स्कूल आज बंद रहेंगे।