यमुना में उफान से राजधानी दिल्ली में बाढ़ की स्थिति विकराल होती जा रही है। यमुना का जलस्तर 45 साल के रिकॉर्ड को तोड़ चुका है। यमुना के पास बसे राजधानी के कई इलाकों में बाढ़ का पानी प्रवेश कर चुका है। बाढ़ की विभिषिका के बीच आज दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को पत्र लिखकर गुहार लगाई है। अरविंद केजरीवाल ने गृहमंत्री को लिखे पत्र में जी-20 की दुहाई देते हुए कहा कि दिल्ली में बाढ़ की विकराल स्थिति से दुनिया में अच्छा संदेश नहीं जाएगा। उन्होंने गृह मंत्री से अपील की कि वो हरियाणा के हाथिनीकुंड बैराज से छोड़े जा रहे पानी को सीमित करें ताकि यमुना के उफान को कंट्रोल किया जा सके।