महाराष्ट्र की सियासत में फिलहाल राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी प्रमुख शरद पवार गुट बनाम अजित पवार गुट की लड़ाई अपने चरम पर है। इस बीच मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के कैबिनेट के विस्तार की अटकलों के बीच सरकार में शामिल एनसीपी के 9 विधायकों को उनके विभागों का आवंटन कर दिया गया।जानकारी के मुताबिक, महाराष्ट्र के नवनियुक्त डिप्टी सीएम अजित पवार को वित्त और योजना विभाग मिला है। जबकि कैबिनेट मंत्री छगन भुजबल को खाद्य और नागरिक आपूर्ति की जिम्मेदारी मिली है। वहीँ, कैबिनेट मंत्री अनिल पाटिल को राहत और पुनर्वास, अदिति तटकरे को महिला एवं बाल विकास, धनंजय मुंडे को कृषि और दिलीप वाल्से पाटिल को सहकारिता विभाग सौंपा गया है।
वित्त और योजना- अजित पवार
सहकारिता – दिलीप वलसे पाटिल
कृषि-धनंजय मुंडे
खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण- छगन भुजबल
महिला एवं बाल विकास – अदिति तटकरे
खेल एवं युवा कल्याण, पोर्ट -संजय बनसोडे
राहत एवं पुनर्वास, आपदा प्रबंधन – अनिल पाटिल
खाद्य एवं औषधि प्रशासन- धर्मरावबाबा आत्राम
चिकित्सा शिक्षा एवं विशेष सहायता- हसन मुश्रीफ
इस महीने की शुरुआत में एनसीपी का एक धड़ा अजित पवार के नेतृत्व में शिंदे-फडणवीस सरकार में शामिल हो गया था। अजित पवार सहित एनसीपी के 9 विधायकों ने 2 जुलाई को मंत्री पद की शपथ ली, लेकिन 11 दिन बीत जाने के बावजूद उनके विभागों का आवंटन नहीं किया गया है। आखिरकार अब उन्हें उनके मंत्रालय सौंप दिए गए है।