हरियाणा के नूंह जिले से बीते सोमवार को भड़की हिंसा की आग अब धीरे-धीरे ठंडी पड़ रही है। दंगे के बाद पुलिस-प्रशासन की कार्रवाई से दंगाईयों में दहशत का माहौल है। इस बीच हालात में हो रहे सुधार को देखते हुए कल यानी की सोमवार 7 अगस्त के लिए नूंह जिले में कर्फ्यू में ढील देने की घोषणा की गई है। नूंह जिला प्रशासन ने एक पत्र जारी कर बताया कि सोमवार को नूंह जिले में सुबह 9 बजे से दोपहर के एक बजे तक चार घंटे के लिए कर्फ्यू हटाया जाएगा। इस दौरान जिले में सामान्य दिनचर्या होगी। वाहनों की आवाजाही के साथ-साथ जरूरी काम से लोग घरों से बाहर निकल सकेंगे। कर्फ्यू हटाए जाने की घोषणा से लोगों ने राहत की सांस ली है। मालूम हो कि नूंह में भड़की हिंसा के बाद से बीते 6 दिन लोग अपने-अपने घरों में कैद हैं।