कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने जयपुर की सड़कों पर स्कूटी पर सवारी की। उन्होंने स्कूटी पर बैठकर शहर के महारानी कॉलेज से मानसरोवर में आयोजित कांग्रेस पार्टी के एक कार्यक्रम स्थल तक का सफर किया। राहुल गांधी के अचानक बने इस प्लान ने सुरक्षा में तैनात हर किसी में हड़कंप जैसी स्थिति बना दी। इधर राहुल का शहर में स्कूटी पर निकलना लोगों के बीच भी चर्चा का विषय रहा।
दरअसल, राहुल गांधी महारानी कॉलेज में आयोजित स्कूटी वितरण समारोह में शामिल होने पहुंचे थे। कार्यक्रम संपन्न होने के बाद रवानगी का जब वक्त आया तब राहुल ने कार में नहीं बैठकर स्कूटी में ही जाने की इच्छा जता डाली। बस फिर क्या था, उन्हें सवारी करवाने के लिए एक युवती की स्कूटी तैयार हुई और वे उस पर बैठकर वहां से निकल गए।
इससे पहले राहुल का महारानी कॉलेज पहुँचने पर स्वागत हुआ।प्रिंसिपल निमालि सिंह की मौजूदगी में स्टाफ ने राहुल का वेलकम किया। इसके बाद कांग्रेस नेता ने भी स्कूटियां वितरित करके यहां की स्टूडेंट्स की हौंसला अफ़ज़ाई की।