लोकसभा की कार्यवाही के दौरान बुधवार को संसद की सुरक्षा में सेंध लगाने के मामले में पुलिस ने तत्काल पांच आरोपियों को तो गिरफ्तार कर लिया था। लेकिन इस प्लान का मास्टर माइंड ललित झा घटना के बाद फरार हो गया था। लेकिन पुलिस के सख्ती के कारण उसने घटना के एक दिन बाद ही गुरुवार देर रात दिल्ली पुलिस के सामने सरेंडर कर दिया। उसके सरेंडर करने के बाद से ही दिल्ली पुलिस की स्पेशल टीम लगातार उससे पूछताछ कर रही है।वहीं, ललित के सरेंडर की जानकारी देते हुए दिल्ली पुलिस ने बताया कि आरोपी ललित मोहन झा घटना का वीडियो बनाने के बाद मौके से भाग गया था। वह बस के माध्यम से राजस्थान के नागौर पहुंचा। यहां वह अपने दो दोस्तों से मिला और एक होटल में रुका, हालाकि जब उसे भनक लगी कि पुलिस उसकी तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है तो वह बस से दिल्ली आया और उसने पुलिस के सामने सरेंडर कर दिया, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।