समूचे उत्तर भारत में कड़ाके की सर्दी का दौर जारी है।इस बीच भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने बताया है कि अगले दो दिनों के दौरान कई राज्यों में ठंड से राहत मिलने की उम्मीद न के बराबर है। शीतलहर का सितम अभी जारी रहेगा। आईएमडी ने अलर्ट में बताया कि अगले पांच दिनों के दौरान उत्तर भारत में घना से बहुत घना कोहरा रहने की संभावना है।
पूर्वी उत्तर प्रदेश और उत्तर-पश्चिम उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में न्यूनतम तापमान 3-5 डिग्री सेल्सियस के बीच है। वहीं पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, दक्षिणी उत्तर प्रदेश, राजस्थान, पश्चिमी मध्य प्रदेश, पूर्वोत्तर मध्य प्रदेश, झारखंड, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम और बिहार के कई हिस्सों में 6-10 डिग्री सेल्सियस है।
आईएमडी के अनुसार, यह बिहार, पश्चिम बंगाल, उत्तर प्रदेश, झारखंड, उत्तराखंड, उत्तरी हरियाणा, राजस्थान और पश्चिम मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में सामान्य से 3-5 डिग्री सेल्सियस नीचे है और उत्तर भारत के बाकी हिस्सों में सामान्य है। मंगलवार को न्यूनतम तापमान 1.5 डिग्री सेल्सियस पश्चिमी उत्तर प्रदेश में दर्ज किया गया।