देश में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। सर्दी के साथ घने कोहरे के कारण जनजीवन काफी प्रभावित हो रहा है। कई जगह कम विजिबिलिटी के कारण यातायात भी प्रभावित है। देश की राजधानी दिल्ली में शनिवार को न्यूनतम तापमान 4.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम के औसत से चार डिग्री कम है। यूपी, बिहार, राजस्थान सहित कई राज्यों में घना कोहरा छाया हुआ है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, एक ताजा पश्चिमी विक्षोभ 28 जनवरी से पश्चिमी हिमालय क्षेत्र को प्रभावित कर सकता है। आईएमडी के अनुसार कई राज्यों में हल्की बारिश हो सकती है। पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी की वजह से मैदानी इलाकोंं में सर्द हवाओं के कारण सर्दी एक फिर से तेज हो गई है।मौसम विभोग के अनुसार, एक ताजा पश्चिमी विक्षोभ 28 जनवरी से पश्चिमी हिमालय क्षेत्र को प्रभावित करने वाला है। इसके अलावा एक अन्य पश्चिमी विक्षोभ 31 जनवरी से पश्चिमी हिमालय क्षेत्र और उत्तर पश्चिम भारत के निकटवर्ती मैदानी इलाकों को प्रभावित कर सकता है। इनके कारण अगले 2 दिनों के दौरान देश के कुछ हिस्सों में बारिश और बर्फबारी होने की संभावना है। आईएमडी ने बताया कि 28 जनवरी से 31 जनवरी के बीच जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश या बर्फबारी होने की संभावना है। आईएमडी ने अपने पूर्वानुमान में कहा है कि जम्मू, कश्मीर, लद्दाख, गिलगित, बाल्टिस्तान और मुजफ्फराबाद के साथ-साथ हिमाचल प्रदेश के कुछ इलाकों में बर्फबारी की संभावना है।