संदेशखाली में हिंदू महिलाओं से अत्याचार के आरोपी तृणमूल कांग्रेस नेता शाहजहां शेख के खिलाफ प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने आज सार्वजनिक वितरण प्रणाली घोटाला मामले में उसके 6 ठिकानों पर छापेमारी की। शाहजहां शेख को ईडी द्वारा 29 फरवरी को जांच में शामिल होने के लिए नया समन जारी करने के ठीक एक दिन बाद छापेमारी की गई। बता दें कि यह छापेमारी सेंट्रल हावड़ा में पार्थ प्रतिम सेनगुप्ता के परिसर में चल रही है। पार्थ सेनगुप्ता को फरार टीएमसी नेता शेख शाहजहां का बेहद करीबी माना जाता है।पश्चिम बंगाल के संदेशखाली में गुरुवार दोपहर भयंकर तनाव का माहौल बन गया जब गुस्साए ग्रामीणों ने फरार तृणमूल कांग्रेस नेता शेख शाहजहां के छोटे भाई शेख सिराजुद्दीन की संपत्ति को आग के हवाले कर दिया। गुस्साए ग्रामीणों ने संदेशखाली में एक स्थानीय खेल के मैदान पर भी कब्जा कर लिया, जिस पर शेख शाहजहां और उसके गुंडों ने जबरदस्ती कब्जा कर लिया था। शेख सिराजुद्दीन की जिस संपत्ति को ग्रामीणों ने आग लगाई, वह उनके स्वामित्व वाले मछलीपालन फार्म के बीच में एक गोदाम था।