मध्य प्रदेश की धर्मनगरी उज्जैन में स्थित महाकाल मंदिर के गर्भगृह में भस्मारती के दौरान आग लगने से गर्भगृह में मौजूद पुजारियों, सेवकों और आम श्रद्धालुओं समेत 16 लोग झुलस गए हैं। घटना के बाद सभी घायलों को उज्जैन के जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से 9 पुजारियों को इंदौर रेफर किया गया है। हालांकि, घचना की जानकारी लगते ही मौके पर पहुंचे कलेक्टर नीरज कुमार सिंह ने सभी घायलों को खतरे से बाहर बताया है। वहीं, हादसे की जानकारी लगते ही उज्जैन सांसद अनिल फिरोजिया भी जिला अस्पताल पहुंचे हैं।
घटना की जानकारी लगते ही सांसद अनिल फिरोजिया जिला अस्पताल पहुंचे। यहां उन्होंने सभी घायलों से मुलकात की और उन्हें बेहतर से बेहतर इलाज मुहैय्या कराने का आश्वासन दिया। इस दौरान सभी मरीजों के इलाज को लेकर उन्होंने जिला अस्पताल प्रबंधन को जरूरी दिशा निर्देश भी दिए। वहीं, अभी अभी जानकारी सामने आई है कि मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने सीएम निवास में आयोजित होली मिलन समारोह कैंसिल कर दिया है। वो कुछ देर में इंदौर के लिए रवाना होंगे। वहां सीएम मोहन घायलों का हालचाल जानने के बाद उज्जैन पहुंचकर घटना का जायजा ले सकते हैं।