दिल्ली के सीएम और आम आदमी पार्टी के प्रमुख अरविंद केजरीवाल को 21 मार्च को दिल्ली सरकार की आबकारी नीति के शराब घोटाले के मामले में गिरफ्तार कर लिया गया। केजरीवाल को दिल्ली हाईकोर्ट से राहत न मिलने के बाद ईडी उन्हें उनके घर से ही गिरफ्तार कर लिया। दिल्ली समेत कुछ जगहों पर केजरीवाल की गिरफ्तारी का आम आदमी पार्टी के नेता और समर्थक विरोध कर रहे हैं। अमेरिका की तरफ से भी केजरीवाल की गिरफ्तारी पर बयान दिया गया था। अमेरिका के विदेश विभाग के प्रवक्ता ने केजरीवाल की गिरफ्तारी पर प्रतिक्रिया जाहिर करते हुए निष्पक्ष और पारदर्शी कानूनी प्रक्रिया की उम्मीद जताई थी। अब भारत की तरफ से इस मामले पर पलटवार किया गया है।केजरीवाल की गिरफ्तारी पर अमेरिका की तरफ से बयानबाजी के चलते आज दिल्ली में भारतीय विदेश मंत्रालय की तरफ से देश में अमेरिकी दूतावास की कार्यवाहक उप प्रमुख ग्लोरिया बर्बेना को तलब किया गया। दिल्ली स्थित विदेश मंत्रालय के कार्यालय में उनके साथ 40 मिनट तक मीटिंग चली। मीटिंग के बाद ग्लोरिया को बाहर निकलकर कार में बैठकर जाते देखा गया।