मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है। बता दें कि अभी अभी शहर के सबसे बड़े विख्यात जहांनुमा पैलेस के मालिक ने आत्महत्या कर ली है। तीन सितारा होटल के मालिक नादिर रशीद ने खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली है। फिलहाल, अबतक आत्महत्या के कारणों की स्पषट जानकारी तो सामने नहीं आ सकी है, लेकिन जानकारी सामने आई है कि वो बीते कई दिनों से डिप्रेशन का शिकार थे और इसी के चलते उन्होंने आत्महत्या की है।होटल जहांनुमा के मालिक नादिर रशीद की उम्र 72 साल थी। उनका ताल्लुक भोपाल रियासत के नवाब वंश से था। बताया जा रहा है कि सिर में गोली लगने से मौके पर ही उनकी मौत हो गई है। फिलहाल, घटना की जानकारी लगते ही श्यामलाहिल्स थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई है। शव का पंचनामा बनाकर पोस्टमार्टम के लिए हमीदिया अस्पताल पहुंचा दिया गया है। पुलिस के सूत्रों की मानें तो मामला हाईप्रोफाइल है। इसलिए, जांच के बाद ही स्पष्ट जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी।