मध्य प्रदेश के धार जिले में स्थित भोजशाला वर्सेज कमाल मौला मस्जिद में आर्कियोलॉजिकल सर्वे ऑफ इंडिया की टीम द्वारा शुरु किए गए सर्वेक्षण का आज छठा दिन है। हाईकोर्ट द्वारा दिए आदेश के तहत पुरातत्व विभाग की सर्वे टीम के साथ दोनों पक्षों के लोग भी सुबह सवा आठ बजे भोजशाला परिसर पहुंच गए थे। वहीं, जांच टीम आज कुछ खुदाई कार्य भी कर रही है, जिसके चलते मजदूरों को भी बुलाया गया। हालांकि, भोजशाला परिसर में प्रवेश करने से पहले सभी मजदूरों की मेटल डिटेक्टर से जांच की गई। इसके बाद ही उन्हें अंदर प्रवेश दिया गया। फिलहाल, बुधवार को टीम द्वारा दिशा-निर्देशों के अनुसार सर्वेक्षण शुरु कर दिया गया है।आपको बता दें कि इससे पहले मंगलवार को टीम ने साढ़े 9 घंटे से ज्यादा समय तक सर्वे कार्य किया था। टीम सुबह 7 बजे भोजशाला पहुंची थी और शाम 4 बजकर 50 मिनट पर बाहर आई। टीम ने मंगलवार को भोजशाला में खुदाई करवाई। साथ ही पत्थरों, शिलालेखों और स्तंभों की फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी समेत कार्बन डेटिंग की गई। सर्वे पूरा होने के बाद हिंदू समाज की ओर से मौजूद समिति के संयोजक गोपाल शर्मा ने बताया कि मंगलवार होने के कारण भोजशाला के पीछे की तरफ सर्वे हुआ। अंदर से जो भी प्रमाण निकले हैं, उन्हें टीम अपने संरक्षण में ले रही है। सर्वे पूरा होगा तो सच्चाई सबके सामने होगा।