23 देशों का प्रतिनिधित्व करने वाले 75 प्रतिनिधि भारतीय आम चुनावों को देखने के लिए इस समय भारत में हैं। ये प्रतिनिधि विभिन्न निर्वाचन क्षेत्रों में चुनाव और संबंधित तैयारियों का निरीक्षण करने के लिए छह राज्यों का दौरा करेंगे। इनमें महाराष्ट्र, गोवा, गुजरात, कर्नाटक, मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश शामिल हैं। यह कार्यक्रम 9 मई को समाप्त होगा। निर्वाचन आयोग ने रविवार को बताया कि विदेशी प्रतिनिधियों को भारत की चुनावी प्रणाली की बारीकियों के साथ-साथ भारतीय चुनाव में सर्वोत्तम प्रथाओं से परिचित कराया जा रहा है।लोक सभा चुनाव देखने जिन 23 देशों के संगठन भारत आए हैं, उनमें भूटान, मंगोलिया, ऑस्ट्रेलिया, मेडागास्कर, फिजी, किर्गिज़ गणराज्य, रूस, मोल्दोवा, ट्यूनीशिया, सेशेल्स, कंबोडिया, नेपाल, फिलीपींस, श्रीलंका, जिम्बाब्वे, बांग्लादेश, कजाकिस्तान, जॉर्जिया, चिली, उज्बेकिस्तान, मालदीव, पापुआ न्यू गिनी और नामीबिया का प्रतिनिधित्व करने वाला अब तक का सबसे बड़ा प्रतिनिधिमंडल है। इंटरनेशनल फाउंडेशन फॉर इलेक्टोरल सिस्टम्स के सदस्य और भूटान और इज़राइल की मीडिया टीमें भी इसमें भाग ले रही हैं।