दिल्ली में रविवार का दिन इस सीजन का सबसे गर्म दिन रहा है। दिल्ली में तापमान 43 डिग्री सेल्सियस से ज्यादा दर्ज किया गया। आने वाले दिनों में तापमान और अधिक बढ़ सकता है। उत्तर भारत के कई राज्य भीषण गर्मी से जूझ रहे हैं। IMD ने कहा कि विदर्भ, सौराष्ट्र, रायलसीमा,तेलंगाना, तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल और आंतरिक कर्नाटक में 06 मई को अलग- अलग स्थानों पर आसमान से आग बरसेगी की संभावना है। मौसम विभाग ने कहा कि दिल्ली, पश्चिमी राजस्थान, पश्चिमी मध्य प्रदेश, पूर्वी राजस्थान और सौराष्ट्र व कच्छ में 08 मई, 2024 को अलग-अलग स्थानों पर भयंकर गर्मी पड़ेगी।राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड और छत्तीसगढ़ में रोज का रोज तापमान बढ़ रहा है। कई दिनों से दिल्ली का तापमान बाकी राज्यों से कम था। अचानक से तापमान बढ़ने के बाद रविवार को दिल्लीवासी भी झुलसती गर्मी से हाल बेहाल दिखे। तापमान बढ़ने के बाद आने वाले दिनों में राजधानी, राजस्थान, पश्चिमी मध्य प्रदेश में लू चलने के भी आसार जताए जा रहे हैं।