इंडियन प्रीमियर लीग 2024 का 58वें मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने सीजन की लगातार चौथी जीत दर्ज की। धर्मशाला के हिमाचल प्रदेश के क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने विराट कोहली के 92 और रजत पाटीदार के 55 रन की बदौलत 20 ओवर में 7 विकेट गंवाकर 241 रन बनाए। 242 रन के लक्ष्य के जवाब में पंजाब किंग्स की टीम 17वें ओवर में ही 181 रन पर ढेर हो गई। सिराज ने शानदार गेंदबाजी की और 3 विकेट चटकाए।242 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पंजाब किंग्स की शुरुआत अच्छी नहीं रही और स्वप्निल सिंह ने पहले ही ओवर में प्रभसिमरन सिंह को आउट कर दिया। जॉनी बेयरस्टो और राइली रूसो ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी की और छठे ओवर में बेयरस्टो के आउट होने से पहले 71 रन कूट दिए। 9वें ओवर में राइली रुसो भी पवेलियन लौट गए। इसके बाद पंजाब किंग्स के लगातार अंतराल में विकेट गिरते रहे और पूरी टीम 181 पर ढेर हो गई। रूसो ने 61 रन की पारी खेली। बेंगलुरु की ओर से मोहम्मद सिराज सबसे सफल गेंदबाज रहे, जिन्होंने 4 ओवर में 43 रन देकर 3 विकेट हासिल किए तो स्वप्निल सिंह, यश दयाल और कर्ण शर्मा को 2-2 विकेट हासिल हुए।