इंडियन प्रीमियर लीग 2024 का 60वां मुकाबला ईडन गार्डंस में खेला गया, जहां कोलकाता नाइट राइडर्स ने मुंबई इडियंस को 18 रन से हराकर सीजन की 9वीं जीत हासिल की और प्लेऑफ का टिकट भी पक्का कर लिया। कोलकाता अंतिम 4 में पहुंचने वाली पहली टीम बन गई। पहले बल्लेबाजी करते हुए कोलकाता नाइट राइडर्स ने बारिश से बाधित मैच में 16 ओवर में 7 विकेट गंवाकर 157 रन बनाए। 158 रन के लक्ष्य के जवाब में मुंबई इंडियंस सिर्फ 139 रन ही बना सकी। आपको बता दें कि मुंबई इंडियंस आईपीएल 2024 के प्लेऑफ से बाहर होने वाली पहली टीम थी।158 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुंबई इंडियंस को रोहित शर्मा और ईशान किशन ने अच्छी शुरुआत दी। सुनील नरेन ने 7वें ओवर में मुंबई को पहला झटका दिया और ईशान को 40 के स्कोर पर आउट किया। इसके बाद मुंबई के विकटों की झड़ी लग गई और देखते ही देखते 92 के स्कोर पर आधी टीम आउट हो गई। हालांकि एक छोर से तिलक वर्मा ने कोशिश जरूर की और कई बेहतरीन शॉट्स लगाए लेकिन दूसरे छोर से उन्हें किसी भी बल्लेबाज का साथ नहीं मिला और पूरी टीम 16 ओवर खेलने के बाद सिर्फ 139 रन ही बना सकी। मुंबई इंडियंस की यह 9वीं हार है तो कोलकाता नाइट राइडर्स की यह 9वीं जीत है।