लोकसभा चुनाव के सातवें और अंतिम चरण की वोटिंग से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने न्यूज एजेंसी एएनआई को दिए इंटरव्यू दिया है। पीएम मोदी ने तमाम मुद्दों पर अपनी बात रखते हुए विपक्ष के आरोपों का भी जवाब दिया। प्रधानमंत्री ने मंगलवार को कहा कि विपक्ष चुनाव में हार से इतना हताश हो गया है कि गाली देना उसका स्वभाव बन गया है। उन्होंने कहा कि ‘बुलेट प्रूफ’ की तरह अब मैं भी ‘गाली प्रूफ’ हो गया हूं। इसके साथ ही पीएम मोदी ने कहा कि पश्चिम बंगाल में एकतरफा चुनाव है। बीजेपी सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरेगी।चुनाव प्रचार के दौरान व्यक्तिगत हमलों के बारे में पूछे जाने पर पीएम मोदी ने कहा, जहां तक मोदी का सवाल है, पिछले 24 सालों से लगातार गाली खाने के बाद मैं ‘गाली प्रूफ’ हो गया हूं। मुझे ‘मौत का सौदागर’ और ‘गंदी नाली का कीड़ा’ किसने कहा? संसद में हमारी पार्टी के सदस्य ने हिसाब लगाया और 101 गालियां गिनाईं, इसलिए चुनाव हो या न हो, ये लोग (विपक्ष) मानते हैं कि गाली देने का अधिकार सिर्फ उन्हें है और वे इतने हताश हो गए हैं कि अब गाली देना उनका स्वभाव बन गया है।