भारतीय मौसम विभाग ने शनिवार को बताया कि दक्षिण-पश्चिम मॉनसून मध्य अरब सागर, दक्षिण महाराष्ट्र, तेलंगाना और दक्षिण छत्तीसगढ़ तथा दक्षिण ओडिशा के कुछ हिस्सों के साथ-साथ तटीय आंध्र प्रदेश के कुछ अतिरिक्त क्षेत्रों में आगे बढ़ गया है। इस तरह अगले 2-3 दिनों में मध्य अरब सागर के शेष हिस्सों और मुंबई तथा तेलंगाना सहित महाराष्ट्र के कुछ अतिरिक्त क्षेत्रों में मॉनसून के आगे बढ़ने के लिए अनुकूल परिस्थितियां हैं।मौसम विभाग के अनुसार, अगले पांच दिनों में महाराष्ट्र और तटीय तथा उत्तरी आंतरिक कर्नाटक में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। 8 से 11 जून तक महाराष्ट्र में तथा 8 और 9 जून को कर्नाटक में कहीं-कहीं अत्यधिक भारी बारिश होने की संभावना है।