पिछले साल 3 मई को मणिपुर में शुरू हुई हिंसा अभी भी पूरी तरह खत्म नहीं हुई है। केंद्र और राज्य सरकार के तमाम प्रयास हिंसा को रोकने में विफल साबित हुए हैं। गृहमंत्री अमित शाह यहां की स्थिति को लेकर कई बैठक कर चुके हैं, बड़ी संख्या में केंद्रीय बलों की तैनाती भी की गयी, लेकिन कोई सुधार देखने को नहीं मिला। अब एक बार फिर यहां हालात बिगड़ने लगे हैं। इसी बीच केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोमवार को मणिपुर में सुरक्षा स्थिति की समीक्षा के लिए राष्ट्रीय राजधानी में एक उच्च स्तरीय बैठक बुलाई थी। इस बैठक में केंद्रीय गृह सचिव अजय भल्ला, खुफिया ब्यूरो प्रमुख तपन डेका, सेना प्रमुख जनरल मनोज पांडे, सेना प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल उपेंद्र द्विवेदी, जीओसी थ्री कोर एचएस साही, मणिपुर के सुरक्षा सलाहकार कुलदीप सिंह, मणिपुर के मुख्य सचिव विनीत जोशी, मणिपुर के डीजीपी राजीव सिंह और असम राइफल्स के डीजी प्रदीप चंद्रन नायर शामिल हुए।