लोकसभा चुनाव 2024 में वाराणसी से तीसरी बार सांसद बनने के बाद पीएम मोदी मंगलवार को आभार जताने काशी पहुंचे। यहां उन्होंने किसान सम्मेलन को संबोधित किया। इसके बाद उन्होंने किसान सम्मान निधि की 17वीं किस्त जारी की। पीएम मोदी के दौरे को लेकर काशी के किसानों में खुशी की लहर देखने को मिल रही है। इस दौरान सम्मलेन में शामिल होने आए लोगों ने आईएएनएस से बातचीत करते हुए पीएम मोदी को लेकर कई बातें बताईं। इसमें सबसे प्रमुख मुद्दा किसान सम्मान निधि का रहा।मंगलवार को वाराणसी में पीएम मोदी की जनसभा में शामिल किसान विवेक कुमार जयसवाल ने कहा “पीएम मोदी किसान सम्मान निधि की 17वीं किस्त देने जा रहे हैं। हम लोगों के खाते में दो-दो हजार रुपया आएगा। इस पैसे से किसान को बड़ी सहूलियत होती है। खाद्य बीज का पैसा निकल जाता है। मैं पिछले छह घंटे से पीएम मोदी का इंतजार कर रहा हूं। उनको देखने के लिए हम लोग काफी उत्साहित हैं।”