अलास्का: रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने शुक्रवार देर रात अलास्का में मुलाकात की। दोनों के बीच यूक्रेन में जारी युद्ध को ख़त्म करने के तरीकों पर लगभग तीन घंटे तक गहन चर्चा हुई।
हालांकि, इस लंबी बैठक के बाद की संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस सिर्फ 12 मिनट की रही, जिसमें दोनों नेताओं ने पत्रकारों के सवालों का जवाब देने से परहेज़ किया। ट्रम्प ने बैठक को ‘बहुत सकारात्मक’ बताते हुए इसे 10 में से 10 अंक दिए। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि कोई अंतिम समझौता नहीं हुआ है, और डील तभी होगी जब उसे अंतिम रूप दिया जाएगा।
वहीं, पुतिन ने कहा कि उनके लिए रूस की सुरक्षा सबसे अहम है। उन्होंने अगली बैठक रूस की राजधानी मॉस्को में करने का प्रस्ताव रखा।
व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव कैरोलिन लेविट ने जानकारी दी कि ट्रम्प ने वाशिंगटन लौटते समय यूक्रेन के राष्ट्रपति ज़ेलेंस्की से बात की। फिलहाल, ज़ेलेंस्की ने इस हाई-प्रोफाइल बैठक पर कोई टिप्पणी नहीं की है।