अगले 7 दिन: देश के 25 से ज़्यादा राज्यों में होगी बारिश, कहीं राहत तो कहीं आफत
मौसम विभाग की चेतावनी के अनुसार, अगले 7 दिनों तक देश के करीब 25 से ज्यादा राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में बारिश होने की संभावना है। इसका मतलब है कि अगले हफ्ते भी देश के ज़्यादातर हिस्सों में मॉनसून सक्रिय रहेगा। यह बारिश किसानों के लिए अच्छी खबर है, लेकिन कई राज्यों में बाढ़ का खतरा भी बढ़ सकता है।
सबसे ज्यादा बारिश कोकण-गोवा, केरल, कर्नाटक, मध्य भारत और पूर्वोत्तर राज्यों में होने का अनुमान है। वहीं, पश्चिमी राजस्थान, हरियाणा और दिल्ली-एनसीआर जैसे इलाकों में बारिश कम होगी, जिससे सूखे की स्थिति पैदा हो सकती है।
उत्तर और पश्चिम भारत का हाल:
- उत्तर-पश्चिम भारत में भी अगले हफ्ते बारिश जारी रहेगी।
- पूर्वी राजस्थान और उत्तराखंड में पूरे हफ्ते, हिमाचल प्रदेश और पश्चिम उत्तर प्रदेश में 16 से 21 अगस्त तक बारिश हो सकती है।
- पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में 16 से 18 अगस्त के बीच बारिश के आसार हैं।
- पश्चिमी राजस्थान में 19 अगस्त को अच्छी बारिश की उम्मीद है, जिससे गर्मी से राहत मिलेगी।
- पश्चिम भारत में भी अगले हफ्ते भारी बारिश हो सकती है। कोकण और गोवा में 16 से 18 अगस्त के बीच बंपर बारिश का अनुमान है।
- मध्य महाराष्ट्र और गुजरात में 17-18 अगस्त, विदर्भ और मराठवाड़ा में 16-19 अगस्त और सौराष्ट्र और कच्छ में 18-20 अगस्त के बीच भारी बारिश हो सकती है।
मध्य, पूर्व और दक्षिण भारत का हाल:
- मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में 16 से 21 अगस्त तक बारिश की संभावना है, जबकि 19 से 21 अगस्त के बीच बहुत भारी बारिश हो सकती है।
- विदर्भ में भी लगभग हर दिन, और झारखंड और ओडिशा में 17 से 21 अगस्त तक भारी बारिश की चेतावनी है। इन इलाकों में बाढ़ की स्थिति बन सकती है।
- दक्षिण भारत में भी मॉनसून तेज रहेगा। तटीय कर्नाटक, तेलंगाना, केरल और तटीय आंध्र प्रदेश में 16 से 18 अगस्त के बीच भारी बारिश होगी।
- भीतरी कर्नाटक और रायलसीमा में 16 से 19 अगस्त तक बारिश होगी, जबकि आंध्र प्रदेश और यनम में 17-18 अगस्त को अच्छी बारिश के आसार हैं।
- इस दौरान दक्षिण भारत में 30-50 किमी/घंटा की रफ्तार से हवाएं भी चल सकती हैं।
पूर्वोत्तर भारत का हाल:
- असम और मेघालय में अगले 7 दिनों तक जोरदार बारिश होगी।
- अरुणाचल प्रदेश, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 16 से 21 अगस्त के बीच भारी बारिश की संभावना है।