उत्तराखंड के देहरादून में सोमवार देर रात सहस्त्रधारा इलाके में बादल फटने से भारी तबाही हुई। तेज बारिश के कारण तमसा नदी में अचानक बाढ़ आ गई, जिसमें दो लोग लापता हो गए और कई गाड़ियां बह गईं। इसके चलते, देहरादून में 12वीं कक्षा तक के सभी स्कूलों को बंद कर दिया गया है।
बाढ़ से टपकेश्वर महादेव मंदिर भी बुरी तरह प्रभावित हुआ। मंदिर के पुजारी ने बताया कि सुबह 5 बजे नदी का पानी मंदिर के अंदर घुस गया, जिससे पूरा मंदिर डूब गया और कई मूर्तियां बह गईं। गनीमत रही कि गर्भगृह सुरक्षित है। पानी उतरने पर मंदिर में करीब 2 फीट तक मलबा जमा हुआ मिला।
वहीं, हिमाचल प्रदेश में भी बारिश का कहर जारी है। मंडी के धर्मपुर बस स्टैंड में मलबा भर गया, जिससे कई बसें बह गईं। राज्य में तीन नेशनल हाईवे और 493 सड़कें बंद हैं, जिससे आवाजाही पूरी तरह ठप है। मंडी के निहरी में भूस्खलन के कारण एक घर ढह गया, जिसमें एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई। मलबे में पांच लोग दब गए थे।
महाराष्ट्र में भी भारी बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया। मुंबई में रेलवे ट्रैक, सब-वे और सड़कों पर पानी भर गया। बीड जिले में फंसे 11 ग्रामीणों को वायुसेना ने हवाई मार्ग से सुरक्षित निकाला।