बेगूसराय के बरौनी में गृहमंत्री अमित शाह ने मतदाता सूची में से घुसपैठियों के नाम हटाने पर राजद सुप्रीमो लालू यादव और कांग्रेस नेता राहुल गांधी की आलोचना की। उन्होंने कहा कि जब घुसपैठियों के नाम कटते हैं तो लालू यादव को “पेट में दर्द” होने लगता है, क्योंकि ये घुसपैठिए उनके वोट बैंक हैं। शाह ने राहुल गांधी की ‘वोटर अधिकार यात्रा’ को ‘घुसपैठिया बचाओ यात्रा’ बताया।
शाह ने जोर देकर कहा कि इंडी गठबंधन को बिहार के लोगों की चिंता नहीं है, बल्कि वे बांग्लादेशी घुसपैठियों को बचाना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि बिहार में फिर से पीएम मोदी के नेतृत्व में एनडीए की सरकार बनने पर घुसपैठियों को चुन-चुनकर निकाला जाएगा।
उन्होंने लालू की सरकार पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाया और कहा कि भ्रष्ट लोग बिहार का भला नहीं कर सकते। इसके साथ ही, उन्होंने नीतीश सरकार की प्रशंसा करते हुए 125 यूनिट बिजली फ्री, दिव्यांगों की पेंशन और आशा वर्करों का मानदेय बढ़ाने जैसी घोषणाओं का जिक्र भी किया।