मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गुरुवार को कटनी के बड़वारा में एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में मध्य प्रदेश में विकास की गंगा बह रही है। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी का दुनिया में सम्मान हर भारतीय का सम्मान है और देश तेजी से तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की ओर बढ़ रहा है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि पीएम मोदी ने अपने 75वें जन्मदिन पर धार जिले में पीएम मित्र पार्क का शिलान्यास करके मध्य प्रदेश को बड़ी सौगात दी है, जिससे 6 लाख कपास किसानों को फायदा होगा और 3 लाख रोजगार के अवसर पैदा होंगे। इसी क्रम में, कटनी के जनजातीय क्षेत्र को 233 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों की सौगात मिली है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि कटनी में 56 हजार करोड़ रुपये का निवेश आया है और यहाँ सोना भी मिलने की संभावना है, जिससे कटनी ‘कनकपुरी’ बनेगा। उन्होंने यह भी घोषणा की कि कटनी में एक नया मेडिकल कॉलेज बनाया जाएगा।