मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने गायक सोनू निगम को राष्ट्रीय लता मंगेशकर सम्मान से किया विभूषित

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने गायक सोनू निगम को राष्ट्रीय लता मंगेशकर सम्मान से किया विभूषित

इंदौर की सांस्कृतिक धरती पर आज एक भव्य और गरिमामय समारोह में सुप्रसिद्ध पार्श्व गायक सोनू निगम को राष्ट्रीय लता मंगेशकर सम्मान 2025 से सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने उन्हें यह सम्मान प्रदान किया। यह आयोजन संस्कृति विभाग और जिला प्रशासन इंदौर के सहयोग से किया गया।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने अपने संबोधन में कहा कि भारत रत्न लता मंगेशकर ने अपने स्वरों से भारतीय संगीत को नई ऊँचाइयों पर पहुँचाया। उनके नाम पर दिया जाने वाला यह सम्मान उन कलाकारों के योगदान को नमन है, जिन्होंने संगीत के क्षेत्र में अमिट छाप छोड़ी है। उन्होंने कहा कि आज विश्व प्रसिद्ध गायक सोनू निगम को सम्मानित कर हम गौरान्वित हो रहे हैं, उनके आगमन से ऐसा लग रहा है जैसे “अमावस की रात में पूनम का चांद आया है”। उन्होंने इंदौर की संगीत परंपरा को अद्वितीय बताते हुए इस गौरवशाली परंपरा को आगे बढ़ाने पर गर्व व्यक्त किया।

गायक सोनू निगम ने भावुक होते हुए कहा कि लता जी हमारे लिए केवल प्रेरणा नहीं, बल्कि संगीत की जीती-जागती परंपरा रही हैं। उन्होंने इस सम्मान को पाकर स्वयं को धन्य महसूस किया और इसे अपने जीवन के सबसे खास पलों में से एक बताया। उन्होंने याद किया कि जिस अलंकरण समारोह में प्रस्तुति देने के लिए वह 30 वर्ष पूर्व इंदौर आए थे, उसी समारोह में आज उन्हें यह सम्मान मिलना बेहद गौरव का विषय है।

संभागायुक्त डॉ. सुदाम खाड़े ने बताया कि यह कार्यक्रम भारत रत्न स्वर कोकिला लता मंगेशकर के जन्म दिवस के अवसर पर आयोजित किया जा रहा है, जो इसे और भी गौरवशाली बनाता है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने समारोह में लता मंगेशकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए और उनके जीवन पर केंद्रित चित्र ‘लतिका’ का अवलोकन भी किया। अलंकरण के बाद, लोकप्रिय गायक अंकित तिवारी और उनके दल ने संगीत संध्या में मधुर प्रस्तुतियां देकर श्रोताओं को भाव-विभोर कर दिया।

इस अवसर पर नगरीय विकास एवं आवास मंत्री श्री कैलाश विजयवर्गीय, जल संसाधन मंत्री श्री तुलसीराम सिलावट, सांसद श्री शंकर लालवानी, महापौर श्री पुष्यमित्र भार्गव, कलेक्टर श्री शिवम वर्मा, विधायक सुश्री उषा ठाकुर और अन्य गणमान्य व्यक्ति तथा बड़ी संख्या में संगीत प्रेमी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के प्रारंभ में संचालक संस्कृति श्री एस.पी. नामदेव ने प्रशस्ति पत्र का वाचन किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *