मौसम विभाग (IMD) ने उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, राजस्थान और मध्य प्रदेश समेत कई राज्यों के लिए भारी से अति भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। विभाग के अनुसार, 30 सितंबर से 04 अक्टूबर तक मानसून जाते-जाते अपने चरम पर रहेगा।
उत्तर पश्चिमी मध्य प्रदेश और पूर्वी राजस्थान पर बने निम्न दबाव के क्षेत्र के कारण इन राज्यों के साथ ही ओडिशा, झारखंड, पश्चिम बंगाल और असम में भी जोरदार बारिश होने की संभावना है।
उत्तर प्रदेश में 30 सितंबर से 04 अक्टूबर तक अच्छी बारिश का अनुमान है। 01 और 02 अक्टूबर को गोरखपुर, वाराणसी, आजमगढ़, जौनपुर जैसे पूर्वांचल के कई जिलों में 30 से 50 किमी/घंटा की रफ्तार से हवा चल सकती है और बारिश हो सकती है। गोरखपुर में पहले से ही बाढ़ जैसे हालात हैं।
उत्तराखंड में 01 से 02 अक्टूबर तक और दिल्ली-एनसीआर में 01 से 02 अक्टूबर के बीच भारी बारिश की संभावना है।
दक्षिण भारत में केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में 30 सितंबर से 04 अक्टूबर के बीच भारी बारिश हो सकती है, जिसमें केरल और कर्नाटक में अति भारी वर्षा का अनुमान है और बिजली गिरने की भी संभावना है।