भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने स्पष्ट किया है कि छिंदवाड़ा कफ सिरप त्रासदी प्रकरण में सभी दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सोमवार को मुख्यमंत्री निवास पर उच्च स्तरीय बैठक में निर्देश देते हुए कहा कि राज्य सरकार सजग और संवेदनशील है, और मानव जीवन की सुरक्षा से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
तत्काल प्रशासनिक कार्रवाई के तहत:
- औषधि निरीक्षक छिंदवाड़ा श्री गौरव शर्मा निलंबित।
- औषधि निरीक्षक जबलपुर श्री शरद कुमार जैन निलंबित।
- उप संचालक खाद्य एवं औषधि प्रशासन श्री शोभित कोस्टा निलंबित।
- ड्रग कंट्रोलर श्री दिनेश मौर्य को स्थानांतरित किया गया।
घर-घर जाकर दवा रिकवरी का अभियान
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रतिबंधित ‘कोल्ड्रिफ सिरप’ का स्टॉक तुरंत दुकानों से जब्त किया जाए। साथ ही, छिंदवाड़ा और आसपास के जिलों में जिन परिवारों ने यह दवा ली है, उनके घर-घर जाकर दवा वापस लेने के लिए सघन अभियान चलाया जाए। इस अभियान में आशा-ऊषा कार्यकर्ताओं और सभी सरकारी अधिकारी-कर्मचारियों का सहयोग लिया जाएगा।
अन्य महत्वपूर्ण निर्देश:
- कोल्ड्रिफ सिरप के अलावा क्षेत्र में बिकने वाली अन्य दवाओं की प्रभावशीलता का भी आकलन किया जाए।
- दवाओं पर चेतावनी और सावधानियां लिखने के नियमों का पालन न करने वालों पर कड़ी कार्रवाई हो।
- चार वर्ष से कम उम्र के बच्चों को कॉम्बिनेशन ड्रग न देने के नियम का पालन न करने वाले डॉक्टरों पर भी कार्रवाई हो।
- निर्माता कंपनी पर कार्रवाई के लिए तमिलनाडु राज्य सरकार को घटनाक्रम से अवगत कराया जाए।
- इंडियन एसोसिएशन ऑफ पैडियाट्रिक्स और केमिस्ट एसोसिएशन के सहयोग से जागरूकता फैलाई जाए।
जांच और रेफरल की स्थिति
बैठक में बताया गया कि गंभीर प्रकरणों की सूचना मिलते ही विशेषज्ञों का दल छिंदवाड़ा भेजा गया। ड्रग कंट्रोलर जनरल ऑफ इंडिया और तमिलनाडु व हिमाचल प्रदेश के ड्रग कंट्रोलर्स को सूचना दी गई। दवा के नमूने अमान्य पाए जाने पर पूरे प्रदेश में विक्रय प्रतिबंधित किया गया। मरीजों को चिन्हित करने के लिए सर्वे जारी है, और जरूरत पड़ने पर उन्हें शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय, नागपुर रेफर किया जा रहा है।
बैठक में उपमुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री श्री राजेंद्र शुक्ल, राज्यमंत्री श्री नरेन्द्र शिवाजी पटेल, मुख्य सचिव श्री अनुराग जैन सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।