वित्त मंत्री श्रीमती सीतारमण ने गाजियाबाद में अत्याधुनिक सीजीएसटी भवन का उद्घाटन किया; सुशासन और करदाताओं के प्रति सहानुभूति पर जोर

वित्त मंत्री श्रीमती सीतारमण ने गाजियाबाद में अत्याधुनिक सीजीएसटी भवन का उद्घाटन किया; सुशासन और करदाताओं के प्रति सहानुभूति पर जोर

अगली पीढ़ी के कराधान के लिए अगली पीढ़ी के बुनियादी ढांचे की आवश्यकता: केंद्रीय वित्त मंत्री

केंद्रीय वित्त एवं कॉरपोरेट कार्य मंत्री श्रीमती निर्मला सीतारमण ने आज गाजियाबाद के रानी झांसी मार्ग (हापुड़ चुंगी) स्थित नवनिर्मित केंद्रीय वस्तु एवं सेवा कर (सीजीएसटी) भवन का उद्घाटन किया। यह उद्घाटन केंद्रीय अप्रत्यक्ष कर एवं सीमा शुल्क बोर्ड (सीबीआईसी) के वरिष्ठ अधिकारियों, व्यापार प्रतिनिधियों और अन्य गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति में किया गया।

अपने संबोधन में, केंद्रीय वित्त मंत्री ने भारत के कर प्रशासन को सुदृढ़ बनाने और एक पारदर्शी, नागरिक-केंद्रित शासन ढांचे को बढ़ावा देने के लिए सीबीआईसी तथा उसके क्षेत्रीय संगठनों के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने प्रौद्योगिकी-संचालित अनुपालन, सरलीकृत प्रक्रियाओं, बेहतर पारदर्शिता और करदाताओं की स्वैच्छिक भागीदारी पर ज़ोर दिया।

श्रीमती सीतारमण ने गाजियाबाद में इस नए सीजीएसटी भवन को आधुनिक भारत की सुशासन के प्रति प्रतिबद्धता का प्रतीक बताया, जहाँ बुनियादी ढाँचा नवाचार और दक्षता को करदाताओं के प्रति सहानुभूति के साथ जोड़ता है। उन्होंने बल दिया कि ‘अगली पीढ़ी के कराधान’ के साथ काम करने के लिए ‘अगली पीढ़ी के राजस्व बुनियादी ढांचे’ की आवश्यकता है। उन्होंने कर विभाग के अधिकारियों से अधिक सहानुभूति, शिष्टाचार और ईमानदारी का आह्वान किया।

जीएसटी 2.0 की चर्चा करते हुए, वित्त मंत्री ने कहा कि यह भारत के प्रगतिशील आर्थिक दृष्टिकोण का प्रतीक है और इसने वैश्विक स्तर पर एक महत्वपूर्ण बहस उत्पन्न की है। उन्होंने कहा कि यह सुधार खरीदारी, उत्पादन और ऑनलाइन लेनदेन में वृद्धि के माध्यम से परिलक्षित होता है और इसने त्योहारी सीज़न में रोज़गार के अवसर पैदा किए हैं।

यह नया अत्याधुनिक ग्रीन कॉम्प्लेक्स 2.21 एकड़ में फैला है, जिसका निर्माण 116 करोड़ रुपये की लागत से हुआ है और इसमें दो बेसमेंट तथा सात मंजिलें हैं, जिसमें लगभग 300 वाहनों के लिए पार्किंग की सुविधा है। यह भवन सीजीएसटी गाजियाबाद आयुक्तालय, सीजीएसटी ऑडिट आयुक्तालय, सीजीएसटी अपील आयुक्तालय और वेतन एवं लेखा कार्यालय को एक ही छत के नीचे लाकर प्रशासनिक तालमेल और परिचालन दक्षता सुनिश्चित करता है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *