मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की पहल पर मध्यप्रदेश में शुरू किए गए सांदीपनि विद्यालयों की उत्कृष्ट और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के सकारात्मक परिणाम अब स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहे हैं। भगवान श्रीकृष्ण के गुरु आचार्य सांदीपनि के सम्मान में लिए गए इस निर्णय ने उच्च गुणवत्ता शिक्षा, कड़े अनुशासन और बेहतर शिक्षण शोध के समन्वय से इन विद्यालयों को एक उत्कृष्ट शैक्षणिक उदाहरण बना दिया है।
इसी क्रम में, नीमच जिले के मनासा उपखण्ड मुख्यालय का सांदीपनि विद्यालय शिक्षा के क्षेत्र में अपनी विशिष्ट पहचान स्थापित कर चुका है। यह संस्थान विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए सभी आवश्यक सुविधाओं से लैस है और क्षेत्र में एक आदर्श शैक्षणिक संस्थान के रूप में जाना जाता है। विद्यालय ने न केवल शिक्षा, बल्कि अनुशासन, संस्कार और आधुनिक तकनीकी शिक्षण में भी उल्लेखनीय उपलब्धियाँ हासिल की हैं।
सांदीपनि विद्यालय के प्रमुख नवाचार और अनुशासन:
विद्यालय ने ‘घर से विद्यालय तक’ एक अनूठी नवाचार शृंखला लागू की है। इसमें सुबह उठकर माता-पिता के चरण स्पर्श करने, बड़ों का आशीर्वाद लेने से लेकर बस में अनुशासन, विद्यालय की दहलीज और गुरुजनों को नमन करने जैसे उच्च संस्कार शामिल हैं। कक्षा में प्रवेश के लिए अध्यापक का आशीर्वाद लेना, भोजन से पहले हाथ धोना, भोजन प्रार्थना बोलना, थाली में झूठा न छोड़ना और छुट्टी के समय भी अनुशासन बनाए रखना जैसे नियम विद्यालय को उच्च संस्कार से सुशोभित करते हैं। इसके अतिरिक्त, बोर्ड परीक्षा में मेरिट सूची में आने वाले विद्यार्थियों के नाम पर कक्षा का नामकरण किया जाता है।
नेतृत्व विकास पहल:
कक्षा 8वीं, 10वीं और 12वीं की अर्द्धवार्षिक परीक्षा में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले तीन विद्यार्थियों को ‘एक दिन का प्राचार्य’ बनाया जाता है, जिससे उनमें नेतृत्व और प्रबंधन कौशल का विकास हो सके। विषय सामग्री को सरल और रोचक बनाने के लिए ऑनलाइन टेस्ट-सीरीज़ का उपयोग किया जाता है।
सर्वसुविधा युक्त परिसर:
विद्यालय में चार मंज़िला भव्य, आधुनिक और सर्वसुविधा युक्त इमारत है। संपूर्ण परिसर सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में रहता है। खेल मैदान, बाल-बगीचा, स्वच्छ पेयजल और साफ़-सुथरे सुविधा घर उपलब्ध हैं। सभी कक्षाओं में आरामदायक फर्नीचर है और भवन को वातावरणानुकूल (AC-friendly) बनाया गया है। विद्यार्थियों के लिए 17 बसों से निशुल्क और सुरक्षित परिवहन की व्यवस्था है, जिससे 1220 विद्यार्थी आसानी से विद्यालय पहुँचते हैं।
विषय विशेषज्ञ और आधुनिक शिक्षण:
विद्यालय में 56 विषय विशेषज्ञ और अनुभवी शिक्षक हैं। स्मार्ट बोर्ड, ऑनलाइन प्रश्नोत्तरी और प्रयोगशालाओं के माध्यम से आधुनिक शिक्षा दी जाती है। भौतिक विज्ञान, रसायन विज्ञान और जीव विज्ञान के लिए सर्व-संसाधनों से युक्त प्रयोगशालाएँ (लैब) हैं। इसके अतिरिक्त, आईटी (सूचना प्रौद्योगिकी) और इलेक्ट्रॉनिक्स प्रयोगों के लिए विशेष लैब की सुविधा है, जहाँ विद्यार्थी सर्किट प्रोटेक्शन, रोबोटिक तकनीक और प्रोजेक्ट-बेस्ड लर्निंग पर कार्य करते हैं। 100 सीट की बैठक क्षमता वाला सुसज्जित पुस्तकालय भी है।
छात्रावास और नवाचार:
दूर-दराज के छात्रों के लिए 100-सीटर बालिका हॉस्टल और 100-सीटर बालक हॉस्टल संचालित हैं, जहाँ योग कक्षाओं और संस्कारी गतिविधियों के माध्यम से सर्वांगीण विकास पर ध्यान दिया जाता है। डिजिटल और इंटरएक्टिव शिक्षा के साथ-साथ विशेष मॉडल प्रस्तुति पर भी बल दिया जाता है, जैसे कि विद्यार्थी लकी राज द्वारा तैयार की गई “स्वचालित कपड़ा संरक्षण प्रणाली”।