केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण और ग्रामीण विकास मंत्री, श्री शिवराज सिंह चौहान ने आज केंद्रीय कैबिनेट द्वारा खाद सब्सिडी के लिए 38 हजार करोड़ रुपये जारी करने के फैसले के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के प्रति किसानों की ओर से गहरा आभार व्यक्त किया।
उत्कृष्ट खरीफ बुवाई से आशा की किरण: केंद्रीय मंत्री की अध्यक्षता में हुई समीक्षा बैठक में कृषि क्षेत्र के लिए सकारात्मक खबरें सामने आईं। बताया गया कि खरीफ-2025 के दौरान फसलों की बुवाई काफी बेहतर हुई है। धान की बुवाई का कुल आंकड़ा 441.58 लाख हेक्टेयर तक पहुंच गया है, जो पिछले वर्ष की अपेक्षा अधिक है। तिलहनी फसलों (190.13 लाख हेक्टेयर) और दालों (120.41 लाख हेक्टेयर) के क्षेत्र में वृद्धि पोषण सुरक्षा की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी गई।
अनुकूल मौसम और जल की प्रचुरता: देश के कृषि क्षेत्र को इस बार अनुकूल मानसून, पर्याप्त वर्षा और जलाशयों में बेहतर जलसंग्रह के कारण भारी लाभ मिला है। कृषि आयुक्त डॉ. पी.के. सिंह द्वारा प्रस्तुत रिपोर्ट के अनुसार, 161 प्रमुख जलाशयों में उपलब्ध जल संग्रहण गत वर्ष के मुकाबले 104.30% और पिछले 10 वर्षों के औसत संग्रहण का 115.95% है। इस पर्याप्त नमी ने न केवल समय पर खरीफ की बुवाई सुनिश्चित की, बल्कि रबी की बुवाई क्षेत्र में भी वृद्धि की संभावना जताई है।
आगे की राह: बैठक में जानकारी दी गई कि खरीफ की कटाई शुरू हो गई है (लगभग 27% भाग की कटाई पूर्ण) और रबी की बुवाई भी प्रारंभिक चरण में है। श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में, सरकार की किसान हितैषी नीतियों और बढ़िया योजना प्रबंधन के चलते कृषि क्षेत्र रिकॉर्ड उपलब्धियां दर्ज कर रहा है, जो किसानों के जीवन स्तर को ऊंचा उठा रही हैं और राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा के लिए शुभ संकेत हैं। उन्होंने आगामी रबी मौसम में दालों और तिलहन की बुवाई बढ़ाने के लिए राज्यों को हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया।