भोपाल: राज्यपाल श्री मंगुभाई पटेल से आज राजभवन में मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग (MPPSC) के एक प्रतिनिधिमंडल ने सौजन्य भेंट की। इस प्रतिनिधिमंडल में आयोग के अध्यक्ष डॉ. राजेशलाल मेहरा, सदस्य डॉ. नरेन्द्र कोष्ठी, सचिव श्रीमती राखी सहाय और परीक्षा नियंत्रक डॉ. वी. के. गुप्ता शामिल थे।
इस अवसर पर, अध्यक्ष डॉ. मेहरा ने राज्यपाल श्री पटेल को आयोग का 68वां वार्षिक प्रतिवेदन भेंट किया। डॉ. मेहरा ने राज्यपाल को बताया कि आयोग ने वर्ष 2024-25 के दौरान राज्य सरकार के विभिन्न विभागों में 5,581 पदों के लिए 71 विज्ञापन जारी किए।
उन्होंने जानकारी दी कि आयोग ने इस अवधि में राज्य सेवा परीक्षा और राज्य वन सेवा परीक्षा (2023, 2024 और 2025) की प्रारंभिक और मुख्य परीक्षाओं का सफलतापूर्वक आयोजन किया। इसके अतिरिक्त, द्विस्तरीय परीक्षाओं और राज्य पात्रता परीक्षा का आयोजन भी किया गया।
आयोग ने वर्ष 2024-25 में 6,260 उम्मीदवारों को विभिन्न पदों के लिए साक्षात्कार हेतु आमंत्रित किया, जिसमें से 1,479 पदों पर अभ्यर्थियों का चयन कर शासन को अनुशंसा भेजी गई है।
नवाचार और गुणवत्ता संवर्धन: डॉ. मेहरा ने आयोग के नवाचारों पर प्रकाश डालते हुए बताया कि उपयोगी जानकारी प्रदान करने के उद्देश्य से ई-न्यूज लेटर ‘संवदिया’ का प्रकाशन शुरू किया गया है। साथ ही, भर्ती परीक्षाओं के गोपनीय कार्यों के लिए विषय विशेषज्ञ आमंत्रित करने हेतु ‘विषय विशेषज्ञ पोर्टल’ भी शुरू किया गया है। मुख्य परीक्षाओं की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन अब स्कैनिंग और ऑनस्क्रीन मार्किंग के माध्यम से किया जा रहा है।