शुक्रवार को दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर 300 से अधिक उड़ानों में देरी हुई। इस व्यापक देरी का कारण एयरपोर्ट के एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) सिस्टम में आई एक बड़ी तकनीकी खराबी है।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, ATC के ऑटोमेटिक मैसेज स्विच सिस्टम (AMSS) में यह गड़बड़ी आई है। यह सिस्टम विमानों के टेकऑफ और लैंडिंग के शेड्यूल की जानकारी ATC को स्वचालित रूप से देता है। सिस्टम में खराबी के चलते एयर ट्रैफिक कंट्रोलर्स (ATC) को फ्लाइट्स का शेड्यूल प्राप्त नहीं हो पा रहा है।
हालात को नियंत्रित करने के लिए, ATC अधिकारी मौजूदा डेटा के आधार पर मैन्युअल रूप से फ्लाइट शेड्यूल तैयार कर रहे हैं। दिल्ली एयरपोर्ट पर हुई इस देरी का असर अन्य एयरपोर्ट्स पर भी देखा गया, जहाँ दिल्ली से आने-जाने वाली फ्लाइट्स भी विलंबित हुईं। एयरपोर्ट अथॉरिटी की ओर से फिलहाल यह जानकारी नहीं दी गई है कि परिचालन कब तक सामान्य हो पाएगा।