उत्तर और मध्य भारत में शीतलहर का कहर: यूपी में ‘जीरो विजिबिलिटी’ और दिल्ली में उड़ानों पर ब्रेक
उत्तर और मध्य भारत के बड़े हिस्से में भीषण ठंड और घने कोहरे ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। उत्तर प्रदेश के लखनऊ और गोंडा समेत कई जिलों में आज सुबह दृश्यता (Visibility) शून्य रही, जिससे सड़कों पर चलना मुश्किल हो गया। कोहरे के कारण दिल्ली एयरपोर्ट पर 10 उड़ानें रद्द करनी पड़ीं। दिल्ली दुनिया का तीसरा सबसे प्रदूषित शहर रहा, जहाँ AQI 378 दर्ज किया गया।
मध्य प्रदेश और राजस्थान के 19-19 शहरों में तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे चला गया है। राजस्थान के सीकर (फतेहपुर) में पारा 4 डिग्री तक गिर गया, जबकि श्रीनगर में न्यूनतम तापमान -1.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। हरियाणा, बिहार और छत्तीसगढ़ में भी शीतलहर और कोहरे के कारण यलो अलर्ट जारी किया गया है। आने वाले दिनों में तापमान में 3 डिग्री तक की और गिरावट आ सकती है।