भारतीय टीम ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ अपनी बादशाहत कायम रखते हुए 5 मैचों की टी-20 सीरीज 3-1 से अपने नाम कर ली है। अहमदाबाद में खेले गए निर्णायक मुकाबले में भारत ने अफ्रीका को 30 रनों से मात दी। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए तिलक वर्मा (73) और हार्दिक पंड्या (63) के तूफानी अर्धशतकों की मदद से 231 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। हार्दिक ने महज 16 गेंदों में अर्धशतक जड़कर इतिहास रचा, जो भारत के लिए दूसरा सबसे तेज पचासा है।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी अफ्रीकी टीम 201 रन ही बना सकी। वरुण चक्रवर्ती ने अपनी फिरकी का जादू चलाते हुए 4 विकेट चटकाए, जिसके लिए उन्हें ‘प्लेयर ऑफ द सीरीज’ चुना गया। हार्दिक पंड्या को उनके ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ मिला। इस जीत के साथ ही भारत ने लगातार 8वीं द्विपक्षीय सीरीज जीतने का कीर्तिमान भी बना लिया है।