न्यूयॉर्क में वैश्विक सीईओ से मिलीं वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण, भारत में निवेश बढ़ाने का दिया न्योता

न्यूयॉर्क में वैश्विक सीईओ से मिलीं वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण, भारत में निवेश बढ़ाने का दिया न्योता

केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने शुक्रवार को न्यूयॉर्क में दुनिया की शीर्ष कंपनियों के मुख्य कार्यकारी अधिकारियों (सीईओ) के साथ उच्चस्तरीय बैठकें कीं। इस दौरान उन्होंने भारत के तीव्र आर्थिक विकास को रेखांकित करते हुए वैश्विक दिग्गजों को देश के प्रमुख क्षेत्रों में पूंजी निवेश के लिए आमंत्रित किया।

सरकार की ओर से साझा की गई जानकारी के अनुसार, इन वार्ताओं में डिजिटल बुनियादी ढांचे, वित्तीय सेवाओं, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), जोखिम प्रबंधन और ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर (जीसीसी) जैसे रणनीतिक क्षेत्रों पर व्यापक विमर्श हुआ। टिलमैन होल्डिंग्स के चेयरमैन एवं सीईओ संजीव आहूजा के साथ बातचीत में वित्त मंत्री ने स्पष्ट किया कि हालिया बजट घोषणाओं सहित भारत का मौजूदा नीतिगत ढांचा डिजिटल इन्फ्रास्ट्रक्चर को गति देने के लिए पूरी तरह अनुकूल है। उन्होंने कहा कि क्लाउड कंप्यूटिंग, एआई, डिजिटल सेवाओं और एंटरप्राइज तकनीक में हो रही वृद्धि से डेटा सेंटर, हाई-कैपेसिटी नेटवर्क व निर्बाध बिजली आपूर्ति की मांग बढ़ी है, जिसका लाभ उठाने के लिए टिलमैन होल्डिंग्स जैसी कंपनियां उपयुक्त स्थिति में हैं।

जोखिम प्रबंधन क्षेत्र की दिग्गज कंपनी मार्श री के सीईओ डीन क्लिसुरा और कॉरपोरेट विकास प्रमुख देवांशु ध्यानी के साथ बैठक में वित्त मंत्री ने कहा कि भारत वैश्विक पेशेवर फर्मों को विशाल घरेलू बाजार, कुशल प्रतिभा और निरंतर सुधार की दिशा में बढ़ता कारोबारी माहौल मुहैया कराता है। इस पर मार्श री के प्रतिनिधियों ने भारत की सुधारोन्मुख नीतियों की सराहना करते हुए देश में अपने कारोबार के विस्तार की योजना साझा की। कंपनी ने भारतीय बीमा विनियामक और विकास प्राधिकरण (आईआरडीएआई) की मजबूत भूमिका और समान अवसर वाले बाजार की प्रशंसा करते हुए बताया कि वह गिफ्ट सिटी में वित्तीय तंत्र के तहत अपने उत्पादों और सेवाओं का दायरा बढ़ा रही है।

बीएनवाई मेलन के ग्रुप सीओओ एलेजांद्रो पेरेज के साथ संवाद में भारत की विकास यात्रा और वित्तीय संस्थानों के लिए मौजूद निवेश संभावनाओं पर चर्चा हुई। पेरेज ने भारत को कंपनी की वैश्विक कार्यप्रणाली का अहम हिस्सा बताया। उन्होंने कहा कि भारत अब केवल एक डिलीवरी सेंटर तक सीमित नहीं है, बल्कि नवाचार, प्रौद्योगिकी और एआई जैसी आधुनिक क्षमताओं का एक रणनीतिक वैश्विक केंद्र बन चुका है। उन्होंने प्रतिभा संवर्धन के लिए आईआईटी जैसे शीर्ष संस्थानों के साथ कंपनी की साझेदारी का भी उल्लेख किया।

बैठक में डिजिटल पब्लिक इन्फ्रास्ट्रक्चर और गिफ्ट सिटी-आईएफएससी से जुड़े अवसरों पर भी विस्तार से विचार किया गया। केंद्रीय वित्त मंत्री ने बीएनवाई मेलन के प्रतिनिधिमंडल को गिफ्ट सिटी-आईएफएससी का प्रत्यक्ष दौरा करने तथा वहां उपलब्ध विभिन्न वित्तीय उत्पादों और सेवाओं के अवसरों का लाभ उठाने के लिए आमंत्रित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *