शेयर बाजार में सुस्ती: सेंसेक्स 345 अंक लुढ़का, निफ्टी 26,000 के नीचे फिसला
मुंबई: हफ्ते के पहले कारोबारी दिन, 29 दिसंबर को भारतीय शेयर बाजार में गिरावट दर्ज की गई। सेंसेक्स 345 अंकों की कमजोरी के साथ 84,695 के स्तर पर बंद हुआ, वहीं निफ्टी 100 अंक गिरकर 25,942 पर आ गया। बाजार में ऑटो, आईटी और फार्मा जैसे प्रमुख सेक्टरों में बिकवाली का दबाव देखा गया, जबकि केवल मीडिया सेक्टर बढ़त बनाने में कामयाब रहा।
ग्लोबल मार्केट की बात करें तो एशियाई बाजारों में मिला-जुला रुख रहा; जहाँ जापान का निक्केई और हॉन्गकॉन्ग का हैंगसेंग लाल निशान में बंद हुए, वहीं कोरियाई और चीनी बाजारों में तेजी देखी गई। आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक (FIIs) लगातार बिकवाली कर रहे हैं, लेकिन घरेलू निवेशकों (DIIs) की खरीदारी से बाजार को सहारा मिल रहा है। दिसंबर महीने में अब तक DIIs ने ₹64,056 करोड़ से अधिक का निवेश किया है।