दिग्गज कारोबारी और वेदांता ग्रुप के चेयरमैन अनिल अग्रवाल के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। उनके 49 वर्षीय पुत्र, अग्निवेश अग्रवाल का न्यूयॉर्क के माउंट सिनाई अस्पताल में निधन हो गया। अग्निवेश अमेरिका में स्कीइंग करते समय एक दुर्घटना का शिकार हो गए थे, जिसके बाद उनका उपचार चल रहा था।
7 जनवरी को अस्पताल में ही उन्हें कार्डियक अरेस्ट आया, जो उनके लिए जानलेवा साबित हुआ। अनिल अग्रवाल ने सोशल मीडिया पर इस बेहद दुखद खबर को साझा करते हुए इसे अपने जीवन का सबसे अंधकारमय दिन बताया। उन्होंने भावुक होते हुए लिखा कि उन्हें उम्मीद थी कि बुरा वक्त कट जाएगा, लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था। शोक की इस घड़ी में उन्होंने अपने बेटे से किए वादे को दोहराते हुए अपनी निजी कमाई का 75% हिस्सा परोपकार के लिए दान करने का संकल्प भी लिया।